हिमाचल से लाए नशे की खेप… चंडीगढ़ पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा, पंजाब सचिवालय के कर्मचारी हैं आरोपी

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने हिमाचल से चरस लाकर ट्राइसिटी में सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 742 ग्राम चरस बरामद की।

डीएसपी क्राइम धीरज कुमार की देखरेख में टीम ने 8 सितंबर की रात गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। एएसआई रोहतास सिंह को सूचना मिली थी कि हिमाचल से चरस लेकर एक कार चंडीगढ़ आ रही है। इसके बाद न्यू बैरिकेट चौक पर नाका लगाया गया। करीब 3:15 बजे कार रोककर तलाशी ली गई तो चार युवकों से 597 ग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब सचिवालय में वाटर कैरियर गौरव कुमार (35) निवासी सेक्टर-7 चंडीगढ़ के अलावा मोहाली के नयागांव के रहने वाले अजय (25), अभिषेक (23), अमित कुमार (29) शामिल हैं। ये तीनों डीसी रेट पर सचिवालय में स्वीपर का काम करते हैं। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता गौरव कुमार के इशारे पर गिरोह काम करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के परवाणु से सप्लायर कुलवंत सिंह (35) को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 145 ग्राम चरस बरामद हुई। कुलवंत सिंह हिमाचल में सेब की खेती करता था लेकिन साथ ही अवैध रूप से चरस की खेती और सप्लाई करता था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह हिमाचल से सस्ते दामों पर चरस खरीदता और ट्राइसिटी में ऊंचे दामों पर बेचता था। गिरफ्तार आरोपी न सिर्फ सप्लाई करते थे बल्कि खुद भी नशे के आदी हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *