अभिनेत्री दिशा पटानी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने दो आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। ये दोनों आरोपी रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग के सक्रिय सदस्य थे।
गाजियाबाद: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी के बरेली स्थित घर पर बीते 12 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने मुठभेड़ में दो आरोपियों को मार गिराया है। यह मुठभेड़ गाजियाबाद में हुई थी।
मारे गए आरोपियों की पहचान रवींद्र उर्फ कल्लू और अरुण के रूप में हुई है। एसटीएफ के मुताबिक, ये दोनों कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग के सदस्य थे। इन पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
12 सितंबर की घटना के बाद बरेली के थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। इस घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद बरेली पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
जांच में मिले अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने 2500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक संदिग्ध बाइक शीशगढ़ से बिलासपुर रोड पर कैमरे में कैद हुई। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कई बार रास्ता बदला, लेकिन दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और साइबर टीम की मदद से उनकी पहचान की पुष्टि हुई।
जांच में यह भी पता चला कि दोनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले थे। रवींद्र रोहतक का और अरुण सोनीपत का निवासी था। पुलिस ने चार राज्यों के 515 अपराधियों की एल्बम खंगालकर उनकी पहचान की पुष्टि की।
प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
इस घटना के बाद पुलिस ने रेलवे, सड़क मार्ग और डिजिटल नेटवर्क पर निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
